हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर से लोहे का भारी-भरकम गार्डर गिरने से दो कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई है। इस गंभीर हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों की लिखित शिकायत पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह पूरी कानूनी कार्रवाई परिजनों द्वारा रविवार को दी गई तहरीर के आधार पर की गई है। इस घटना से परिजनों और श्रद्धालुओं में भारी रोष है। वहीं NHAI के जिम्मेदार अधिकारियों पर केस दर्ज होने से हड़कंप मच गया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, मोदीनगर निवासी 18 वर्षीय कृष्ण वर्मा पुत्र मटटू और मुरादनगर निवासी 21 वर्षीय अक्षित उर्फ तनुज पुत्र महेश हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।
शनिवार को यात्रा के दौरान दोनों कांवड़िये बहादराबाद स्थित बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर विश्राम करने के लिए ठहरे थे। इसी दौरान अचानक फ्लाईओवर से लोहे का भारी गार्डर सीधे दोनों युवकों के ऊपर गिर गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे में दोनों कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मची चीख-पुकार के बीच पुलिस टीम ने तुरंत पहुंचकर दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
NHAI अफसरों पर घोर लापरवाही का आरोप
मृतकों के परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि यह दर्दनाक हादसा NHAI की घोर लापरवाही और अमानवीय अनदेखी का परिणाम है। परिजनों ने NHAI के जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ हादसे और तकनीकी लापरवाही की जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

