हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय से स्वास्थ्य जगत को लेकर एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। अस्पताल में भर्ती रामपुर जिले की 76 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग महिला डॉक्टरों के सफल इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट गई हैं। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के कैमरी निवासी मरीज जमीला के थ्रोट स्वाब सैंपल में SARS-CoV-2 (कोविड-19) संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार बुजुर्ग महिला को गत 8 जुलाई को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते एसटीएच में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उनका थ्रोट स्वाब सैंपल जांच के लिए भेजा, जिसकी रिपोर्ट 16 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव आई। रिपोर्ट आते ही अस्पताल प्रशासन ने उन्हें तुरंत वार्ड-सी के आइसोलेशन क्यूबिकल में शिफ्ट कर कोविड नियमों के तहत उपचार शुरू कर दिया था।
महिला के इलाज की कमान मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. परमजीत सिंह और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुणा जोशी की देखरेख में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने संभाली। डॉ. अरुणा जोशी ने बताया कि इलाज के दौरान मरीज की स्थिति स्थिर बनी रही और सबसे राहत की बात यह रही कि उन्हें किसी भी समय ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत नहीं पड़ी। डॉक्टरों की सटीक देखरेख में उनकी सेहत में तेजी से सुधार हुआ और पूरी तरह स्वस्थ होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
प्रोटोकॉल के तहत मामले की पूरी सूचना रामपुर जिला स्वास्थ्य विभाग, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्राचार्य, कंट्रोल रूम और सीएमओ नैनीताल को प्रेषित कर दी गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर मरीज के संपर्क में आए परिजनों और मेडिकल स्टाफ की पहचान कर उनकी निगरानी के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल प्रशासन द्वारा समय पर की गई त्वरित कार्रवाई और डॉक्टरों के कुशल इलाज के बल पर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला के कोरोना को मात देकर सुरक्षित घर लौटने से परिजनों, अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने बड़ी राहत महसूस की है।

