ऋषिकेश में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कार्रवाई के दौरान परशुराम चौक, पुरानी चुंगी क्षेत्र में स्थित एक कमरे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान टीम को मौके से 11 पेटी देसी शराब और 5 पेटी अंग्रेजी शराब सहित कुल 16 पेटी शराब बरामद हुई। इस दौरान अभियुक्त अजय जाटव उर्फ अजय लाला, पुत्र रतन लाल, निवासी आईडीपीएल नंदू फार्म, ऋषिकेश को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
आबकारी विभाग ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और सरकारी राजस्व को नुकसान न पहुंचे।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, 29 अप्रैल को भी आबकारी टीम ने श्यामपुर स्थित ग्रीन चिल्ली रेस्टोरेंट में छापा मारकर लगभग 7 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस पूरी कार्रवाई में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह, दीपा, आशीष चौहान और दामिनी सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे।

