मसूरी। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए सोमवार को मसूरी स्थित मॉल रोड के सेंट्रल मॉल में छापेमारी की। कार्रवाई क्षेत्र-02 मसूरी के आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान टीम को मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद हुई। आबकारी विभाग के अनुसार कुल 52 बोतल अवैध शराब तथा करीब तीन पेटी अवैध बीयर जब्त की गई। बरामद सामग्री के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर विभाग ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। आबकारी विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

