डुमक सड़क निर्माण,जिलाधिकारी ने भूमि हस्तांतरण में तेजी लाने के दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें

गोपेश्वर/चमोली। चमोली जिले के दूरस्थ डुमक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वन विभाग, राजस्व विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों से कहा कि भूमि हस्तांतरण सहित अन्य औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो और ग्रामीणों को जल्द आवागमन की सुविधा मिल सके।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जारी किया 11 भर्तियों का कैलेंडर, 29 नवंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं

शनिवार को जिला कार्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सड़क निर्माण की प्रगति और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पूर्व में प्रस्तावित मार्ग की भूमि पर भूस्खलन की स्थिति बनने के कारण सड़क के समरेखण में बदलाव करना पड़ा है। अब बदले हुए समरेखण के अनुसार वन पंचायत और संरक्षित वन क्षेत्र की भूमि के हस्तांतरण से जुड़े प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड विस चुनाव: 12,543 बूथों पर 122 कंपनियां, 11 हजार होमगार्ड और हर केंद्र पर 2-2 CCTV कैमरे करेंगे निगरानी

जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई और वन विभाग को आपसी तालमेल से काम करते हुए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्ताव जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही अपर जिलाधिकारी को पूरे मामले की नियमित निगरानी करने तथा राजस्व, वन विभाग और पीएमजीएसवाई के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक कदम सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी।

यह भी पढ़ें -  प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस: 150 स्थानों पर राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल, मंत्री मदन कौशिक ने किया निरीक्षण

बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता अंकित बिष्ट तथा सैंजी लग्गा बेमरु मोटर मार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह और राजवीर सिंह नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे। वहीं पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता प्रमोद गंगाड़ी, अधिशासी अभियंता मनमोहन बिजल्वाण और उप राजस्व निरीक्षक चंद्रा बुटोला वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।