देहरादून। संगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए सरकार ने बड़ी सौगात दी है। अब 21 हजार तक पगार पाने वाले मुलाजिम और उसके परिजनो का इलाज कर्मचारी राज्य बीमा योजना तहत मुफ्त में हो सकेगा। मतलब सरकार ने दरियादिली दिखाते हुए कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESIS) का दायरा बढ़ाते हुए कर्मचारियो को एक टेंशन से मुक्त किया है। ESIS के तहत 21 हजार रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
योजना का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इसका दायरा केवल कर्मचारी तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनके आश्रित परिवार के सदस्य भी इसके तहत मुफ्त उपचार के हकदार हैं। कार्यस्थल पर या रोजगार के दौरान किसी दुर्घटना के शिकार होने अथवा सामान्य या गंभीर बीमारी की स्थिति में कर्मचारी और उसके परिवार को इलाज के खर्च की चिंता नहीं करनी पड़ती। इसके अतिरिक्त, आपात स्थिति या विशेष परिस्थितियों में निजी अस्पताल में उपचार कराने पर निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति (रीइम्बर्समेंट) का भी प्रावधान रखा गया है।
योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए ESIS उत्तराखंड के सहायक निदेशक एवं सीएमओ डॉ. आकाशदीप ने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना की शुरुआत वर्ष 1948 के केंद्रीय अधिनियम के तहत की गई थी, जो वर्तमान में सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 के दायरे में शामिल है।
डा. आकाशदीप , सहायक निदेशक(CMO)ESIS
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इस योजना का मुख्य उद्देश्य संगठित क्षेत्र के पात्र कामगारों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ पूर्ण सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी चिकित्सकीय आपदा के समय श्रमिक परिवार आर्थिक संकट में न फंसे।


