Dehradun: लिफ्ट के वीडियो से आहत दून अस्पताल के सफाईकर्मी ने की खुदकुशी, भारी हंगामा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से आहत होकर सोमवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और साथी सफाई कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में जोरदार हंगामा किया और पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

पूरा मामला दून अस्पताल की लिफ्ट में एक बच्चे से कथित बदसलूकी के वायरल वीडियो से जुड़ा है। परिजनों और कर्मचारी संघ का आरोप है कि कर्मचारी पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे थे। वीडियो सार्वजनिक होने के बाद से कर्मचारी गंभीर मानसिक तनाव में था, जिसके चलते उसने देहरादून के रायपुर स्थित अपने आवास पर फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Weather Alert: दून समेत 4 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी

घटना के बाद मृतक के परिजनों और साथी कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारी संघ का स्पष्ट कहना है कि मृतक बेहद शांत स्वभाव का व्यक्ति था और उसने केवल मजाक में बच्चे को लिफ्ट का बटन दबाने से रोका था, लेकिन इस बात का भ्रामक वीडियो बना दिया गया।

परिजनों ने बिना किसी पड़ताल के वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल करने वालों के खिलाफ साइबर बुलिंग का मुकदमा दर्ज करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है। इसके साथ ही, परिजनों व कर्मचारी नेताओं ने सत्यता सामने लाने के लिए अस्पताल प्रशासन से घटना वाले दिन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की पुरजोर मांग की है।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: दून अस्पताल और कोचिंग में बच्चों से अनुचित व्यवहार, बाल सुरक्षा पर उठे सवाल

अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में कर्मचारियों के उग्र विरोध-प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही दून मेडिकल कॉलेज का उच्च प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट, डिप्टी एमएस डॉ. विनम्र मित्तल और पीआरओ दिनेश रावत तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों व साथी कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व त्वरित जांच कराने का ठोस आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: रिकॉर्ड समय के भीतर बनी नंदा की चौकी की सड़क, CM धामी ने खुद जांची गुणवत्ता

दूसरी ओर, घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रायपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में वैधानिक जांच शुरू कर दी है, हालांकि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले मूल स्रोत और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad