राज्य के प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों एक वरिष्ठ अधिकारी को लेकर चर्चाओं का बाजार एक बार फिर गर्म है। कभी कथित ऑडियो को लेकर सुर्खियों में रहने वाले तो कभी पत्नी के नाम पर जमीन विवादों में घिरे इस अधिकारी का नाम अब मंडल आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पद के लिए चर्चा में बताया जा रहा है। इसी के साथ सत्ता और नौकरशाही के गलियारों में तरह-तरह की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
सूत्रों की मानें तो संबंधित अधिकारी इन दिनों अपनी तैनाती को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर संपर्क साधने से लेकर प्रभावशाली लोगों के माध्यम से अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिशों की चर्चा भी जोरों पर है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सचिवालय से लेकर राजनीतिक गलियारों तक यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, जिस अधिकारी का नाम मंडल आयुक्त पद के लिए सामने आ रहा है, उनका नाम पहले भी कई विवादों के कारण चर्चाओं में रहा है। कथित ऑडियो प्रकरण ने उस समय खूब सुर्खियां बटोरी थीं और बाद में पत्नी के नाम जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भी सवाल उठे थे। इन मामलों को लेकर सार्वजनिक और राजनीतिक स्तर पर बहस भी देखने को मिली थी।
ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि क्या विवादों से घिरे किसी अधिकारी को सरकार इतनी अहम जिम्मेदारी सौंपने का जोखिम उठाएगी? खासकर तब, जब राज्य में चुनावी माहौल धीरे-धीरे बन रहा हो और सरकार अपनी प्रशासनिक छवि को मजबूत करने में जुटी हो। सरकार लगातार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की बात कर रही है। ऐसे में किसी भी नियुक्ति का राजनीतिक और प्रशासनिक संदेश भी महत्वपूर्ण माना जाएगा।
प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि मंडल आयुक्त जैसा पद केवल प्रशासनिक अनुभव ही नहीं, बल्कि निष्पक्ष और विवाद-मुक्त छवि की भी मांग करता है। यदि किसी ऐसे अधिकारी को इस पद पर जिम्मेदारी दी जाती है, जिसके नाम को लेकर पहले से विवाद और चर्चाएं रही हों, तो विपक्ष को सरकार पर सवाल उठाने का अवसर मिल सकता है। इसका असर सरकार की छवि पर भी पड़ सकता है।हालांकि अंतिम फैसला सरकार के स्तर पर ही होना है और अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। लेकिन जिस तरह से इस नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा है, उसने प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल जरूर बढ़ा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार चरण वंदना, अनुभव, कार्यशैली और सार्वजनिक धारणा—इन चारों पहलुओं में किसे प्राथमिकता देते हुए अंतिम फैसला करती है।

