देहरादून में मीडिया के साथ ‘चाय पर चर्चा’ के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में आगामी चुनाव जीतने के लिए किसी बाहरी राज्य के मॉडल की आवश्यकता नहीं है, बल्कि देवभूमि की मर्यादाओं और जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए गए कार्य यानी ‘धामी मॉडल’ ही सबसे सही और सटीक है, जो तीसरी बार जीत हासिल करने में बेहद कारगर साबित होगा।
बातचीत के दौरान उन्होंने अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि छात्र जीवन में राजनीति के प्रति उनकी कोई रुचि नहीं थी और पिता के आकस्मिक निधन के बाद उनका इस क्षेत्र में आना महज एक संयोग था, जहाँ उन्होंने शुरुआती दौर में पीछे बैठने के बजाय हमेशा सामने रहकर चुनौतियों का सामना करने का विकल्प चुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं को राजनीति में लाने के आह्वान पर उन्होंने इस क्षेत्र को CA की परीक्षा से भी अधिक कठिन और चुनौतीपूर्ण बताया, जहाँ करीब 80 प्रतिशत कार्यकर्ता संघर्ष करते हैं और बमुश्किल तीन प्रतिशत ही सांसद या विधायक बन पाते हैं, लेकिन यह क्षेत्र व्यवस्था बदलने और समाज सेवा का एक बेहतरीन अवसर देता है।
इसके साथ ही राजनीति की तुलना 100 मीटर की दौड़ के बजाय एक लंबी मैराथन से करते हुए उन्होंने कहा कि यहाँ स्पीड से ज्यादा टिके रहने का स्टैमिना मायने रखता है, और पिछले दो दिनों में उन्होंने न केवल अपने कार्यकर्ताओं के चेहरों को देखा है बल्कि उनके पीछे छिपे असली राजनीतिक चेहरों और उनके गणित को भी बखूबी समझ लिया है।

‘जेन-जी’ शब्द व्यवस्था विरोधी-नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं के दृष्टिकोण औरॉ Gen-Z मानसिकता पर चर्चा करते हुए कहा कि हमारा युवा हमेशा से रचनात्मक रहा है, लेकिन ‘जेन-जी’ शब्द अपने आप में व्यवस्था विरोधी है जो रील्स की आभासी दुनिया में जीता है और सत्ता में चाहे कोई भी हो, यह कभी भी चुनौती खड़ी कर सकता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें वास्तविकता से दूर रहने वाली चीजों के खतरों को पहचानकर देश को एकजुट रखने पर ध्यान देना होगा और युवाओं के माइंडसेट को और अधिक बारीकी से समझने की जरूरत है। इसी संगठनात्मक बैठक के दौरान अपनी बेबाकी के लिए चर्चित चार विधायकों अरविंद पांडेय, विनोद चमोली, बिशन सिंह चुफाल और आदेश चौहान द्वारा गुलदस्ता व पौधा भेंट कर किया गया राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।

इसके साथ ही, नितिन नवीन का तीन दिवसीय दौरा शनिवार को टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना, बूथ अध्यक्ष के घर भोजन, बूथ कमेटी की बैठक, सीएम आवास पर युवा संवाद और शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के कॉन्क्लेव में शामिल होने के बाद शाम 4:30 बजे दिल्ली लौटने के साथ संपन्न हो जाएगा।

