देहरादून। उत्तराखंड के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश भर में ‘देवभूमि परिवार आईडी’ बनाने की प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। पहले दिन सोमवार को राज्य के 7 जिलों में कुल 17 देवभूमि परिवार आईडी जारी की गईं। प्रमुख सचिव नियोजन आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि योजना की शुरुआत के साथ ही पहले दिन 293 नागरिकों ने मोबाइल नंबर के जरिए आधिकारिक पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है।
नियोजन विभाग के अनुसार, पोर्टल पर पंजीकृत 293 नागरिकों में से 169 लोगों का आधार ई-केवाईसी प्रमाणीकरण पहले ही दिन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित हो रही है, ताकि आम नागरिकों को सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पोर्टल के बेसलाइन डेटा की जांच के दौरान 132 परिवारों का विवरण खोजा गया। इसके अलावा 92 नागरिकों ने स्वयं पोर्टल पर अपना डेटा देखकर उसे अपडेट और सत्यापित किया। विभाग का कहना है कि पहले दिन दर्ज किए गए ये सभी आंकड़े नागरिकों द्वारा स्वयं किए गए ऑनलाइन पंजीकरण से जुड़े हैं।
राज्य सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी परिवारों का एक एकीकृत डेटाबेस तैयार करना है। इससे भविष्य में नागरिकों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुलभ तरीके से मिल सकेगा।
आगामी दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों में भी परिवार आईडी बनाने के काम में तेजी आएगी। नियोजन विभाग का मानना है कि सरल ई-केवाईसी और ऑनलाइन सत्यापन व्यवस्था से नागरिकों को पहचान पत्र बनवाने में काफी आसानी होगी।

