Dehradun: दून में सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, गूगल मैप देगा ‘ब्लैक स्पॉट’ का अलर्ट..

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून जिले में सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। पुलिस प्रशासन ने जिले के 11 प्रमुख ब्लैक स्पॉट की सटीक जीपीएस लोकेशन और विवरण गूगल को भेज दिया है। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि सड़क सुरक्षा के लिए केवल पुलिस की निगरानी पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीक के जरिए चालकों को समय रहते सचेत करना बेहद जरूरी है।

गूगल मैप पर डेटा अपडेट होते ही इन दुर्घटना संभावित रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को नेविगेशन के दौरान स्क्रीन और ऑडियो पर अलर्ट मिलना शुरू हो जाएगा। एडवांस चेतावनी मिलने से विशेष रूप से रात के समय या तेज रफ्तार में वाहन चला रहे चालक सतर्क होकर गाड़ी की गति धीमी कर सकेंगे, जिससे हादसों की आशंका में कमी आएगी।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: सहस्रधारा रोड पर महिला के अपहरण का प्रयास, शोर मचाने पर बदमाश फरार

देहरादून जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 11 प्रमुख ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए हैं, जिनमें रायवाला मुख्य बाजार, छिद्दरवाला, सात मोड़, ऋषिकेश का हरिद्वार रोड, नेहरू कॉलोनी स्थित सॉलिटेयर होटल के सामने का क्षेत्र, कुआंवाला वन बीट चौकी, लालतप्पड़ का फतेहपुर चौक, लालतप्पड़ में ही पीएनबी बैंक के पास, डोईवाला टोल प्लाजा, सेलाकुई और मोतीचूर फ्लाई ओवर शामिल हैं, जहां अब गूगल मैप के जरिए वाहन चालकों को अलर्ट मिलेगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: मुख्य सचिव का सख्त रुख, सरकारी जमीनों की होगी जियोफेंसिंग, पेंशन नियम भी हुआ आसान

ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों के निरंतर संयुक्त प्रयासों, सड़क सुधार, सांकेतिक बोर्ड, लाइटिंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट के चलते जिले में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की संख्या में भारी कमी आई है, जिससे करीब तीन साल पहले चिह्नित 47 ब्लैक स्पॉट की संख्या घटकर अब 11 रह गई है।

यह भी पढ़ें -  बद्रीनाथ धाम में टूटा श्रद्धालुओं का सर्वकालिक रिकॉर्ड: 153 दिनों में 17.79 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

हालांकि, इन 11 स्थानों पर हादसे रोकना पुलिस प्रशासन के लिए अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है, जबकि मोहब्बेवाला जैसे नए हॉटस्पॉट भी सामने आए हैं, जहां लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन इन नए संवेदनशील इलाकों पर भी कड़ी नजर रख रहा है ताकि सड़क हादसों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।