Dehradun: स्वाइन फ्लू की गिरफ्त में दून, मिले 8 नए मरीज, 10 साल तक के 20 बच्चे भी संक्रमित

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दून में 25 सैंपल की जांच में 8 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। शहर में अब तक H1N1 संक्रमण के कुल 67 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि 10 वर्ष तक की उम्र के 20 बच्चे और 50 वर्ष से अधिक आयु के 32 बुजुर्ग इसकी चपेट में आ चुके हैं। मामलों के लगातार बढ़ने से आम जनता और स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं गहरा गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अगस्त महीने से अब तक कुल 173 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनमें 67 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 39 पुरुष और 28 महिलाएं शामिल हैं। कुल मरीजों में 43 देहरादून के स्थानीय निवासी हैं, जबकि 24 मरीज अन्य जिलों से इलाज के लिए दून पहुंचे हैं। राहत की बात यह है कि शुक्रवार को एक और मरीज ठीक होकर घर लौटा, जिससे अब तक स्वस्थ होने वालों की संख्या 41 हो चुकी है, जबकि 21 मरीजों का फिलहाल इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड शिक्षा विभाग में योग शिक्षक के 33 पद होंगे डाउनग्रेड, राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को मिलेगी नौकरी

राजधानी के निजी और सरकारी अस्पतालों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा 37 मरीजों का इलाज महंत इंद्रेश अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा कैलास अस्पताल में 14, दून मेडिकल कॉलेज में 7, जोलीग्रांट अस्पताल में 4 और मैक्स अस्पताल में 3 मरीज भर्ती हैं। शहर में स्वाइन फ्लू से अब तक 5 मौतों की सूचना दर्ज की गई है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौतों के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि डेथ ऑडिट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड भाजपा का बढ़ा कुनबा: गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट का BJP में विधिवत विलय, महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता

मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू से पीड़ित 41 मरीज अब तक पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं और अधिकांश में हल्के लक्षण ही हैं। उन्होंने नागरिकों से घबराने की जगह सावधानी बरतने की अपील की है। सीएमओ ने परिजनों को बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की सलाह देते हुए आश्वस्त किया कि दून के अस्पतालों में दवाओं और उपचार के पर्याप्त इंतजाम हैं।

स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने को कहा है। विभाग ने खांसते या छींकते समय रुमाल का प्रयोग करने, साबुन व सैनिटाइजर से हाथ धोने और खांसी-बुखार या सांस फूलने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह दी है। बिना डॉक्टरी सलाह के एंटीबायोटिक लेने से मना किया गया है और लक्षण गंभीर होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  "धमकी और तुष्टीकरण का दौर खत्म", रुद्रपुर भड़काऊ भाषण मामले पर खुल कर गरजे CM धामी

दूसरी तरफ, देहरादून में कोविड-19 की स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में और राहत देने वाली है। शुक्रवार को जांचे गए सभी 6 कोरोना सैंपल नेगेटिव आए हैं। दून में अब तक कुल 116 सैंपल में से 18 लोग कोविड पॉजिटिव दर्ज हुए थे, जिनमें से 15 मरीज ठीक हो चुके हैं और केवल 3 एक्टिव केस बचे हैं। राहत की बात यह है कि जिले में कोरोना से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad