देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू हुए ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को राज्य भर के युवाओं का भारी समर्थन मिल रहा है। ‘सीएम विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम’ पोर्टल पर अब तक 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने निबंध अपलोड कर दिए हैं। इस पहल के माध्यम से राज्य के छात्र पर्यटन, रोजगार, शिक्षा और पर्यावरण जैसे विषयों पर अपने विचार सीधे सरकार से साझा कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 10 अगस्त को मुख्यमंत्री ने 11वीं और 12वीं कक्षा के करीब तीन लाख छात्रों के साथ संवाद कर राज्य के विकास का विजन निबंध के रूप में भेजने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि युवाओं के श्रेष्ठ विचारों का स्वयं अवलोकन कर उन्हें राज्य की नई नीतियों में शामिल किया जाएगा।
राज्य सरकार ने उत्कृष्ट विचार प्रस्तुत करने वाले 140 मेधावी विद्यार्थियों को शासन के सचिवों और मुख्यमंत्री के साथ सीधे संवाद का अवसर देने की घोषणा की है। इसके साथ ही करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्कॉलरशिप और विशेष पुरस्कार देने का भी ऐलान किया गया है।
अभियान के तहत निबंध अपलोड करते ही विद्यार्थियों को तुरंत डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त हो रहा है, जिससे स्कूली छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सरकारी और निजी दोनों श्रेणी के स्कूलों के विद्यार्थी इसमें बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि देश में पहली बार किसी सरकारी पहल में ‘जेन जी’ और ‘अल्फा’ जनरेशन के युवा इतनी बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर निबंध अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त तय की गई है।
इस डिजिटल अभियान की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री धामी स्वयं इसकी दैनिक समीक्षा कर रहे हैं। युवाओं के सुझावों को शासन की नीतियों से जोड़ने का यह प्रयास राज्य के प्रशासनिक हलकों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

