रुद्रपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ विषय पर आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर से आए छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनके विचारों और सुझावों को जाना। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिबद्धता सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। युवाओं के विचार राज्य के विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पढ़ाई के साथ-साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं।

‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखण्ड’ के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक समेत हर क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है। युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच देकर राज्य सरकार एक सक्षम और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि देहरादून में देश की 5वीं सबसे बड़ी ‘साइंस सिटी’ का निर्माण किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य मकसद उत्तराखंड के होनहार विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश और दुनिया का नेतृत्व करने के योग्य बनाना है।

नेतृत्व क्षमता पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लीडरशिप केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग भी अपने-अपने क्षेत्र के सच्चे लीडर होते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत अभियान से जुड़ने का आह्वान किया और सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत प्रदेश भर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और नवाचारपूर्ण विचार सरकार तक भेजे हैं। यह आंकड़ा दर्शाता है कि राज्य की युवा पीढ़ी उत्तराखंड के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य को लेकर कितनी सजग और जागरूक है।

रुद्रपुर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के करीब 800 छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

