देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून जिले के प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड का औचक निरीक्षण कर पुनर्निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित ‘महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम’ से वापस लौट रहे थे, उसी दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर पहुंचकर अधिकारियों से स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड अचानक क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित होने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल हरकत में आते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं निर्माण कार्य शुरू करने के कड़े निर्देश जारी किए थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सीधे निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ किया। प्रशासन और अभियंताओं के लगातार प्रयासों के चलते क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण कार्य रिकॉर्ड मात्र 12 घंटे के भीतर सफलता-पूर्वक पूर्ण कर लिया गया।
इस त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से प्रेमनगर और सहसपुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहद कम समय में सामान्य हो गई, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को किसी बड़ी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण की गुणवत्ता, सड़क की मजबूती, सुरक्षा मानकों और वाहनों की आवाजाही की वर्तमान स्थिति पर बात की। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य में कहीं भी आपदा या दुर्घटना से क्षतिग्रस्त होने वाली परिसंपत्तियों की मरम्मत इसी तरह त्वरित प्राथमिकता पर की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विषम परिस्थितियों के बावजूद मात्र 12 घंटे के भीतर दिन-रात एक करके पुनर्निर्माण कार्य को अंजाम देने वाले सभी अभियंताओं, अधिकारियों और निर्माण कार्मिकों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सार्वजनिक रूप से सराहना भी की।

