विकासनगर नगर पालिका प्रशासन ने स्वच्छता व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बड़ा एक्शन लिया है। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को तेज और प्रभावी बनाने के लिए चार नए आधुनिक वाहनों को फील्ड में उतार दिया गया है। इस क्रम में नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे जहां उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष धीरज उर्फ बॉबी नौटियाल के साथ हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।
अब ये हाईटेक कूड़ा कलेक्शन वाहन शहर के अलग-अलग वार्डों में घर-घर पहुंचकर कचरा उठाएंगे, जिससे ना सिर्फ कूड़ा उठान की प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि सफाई व्यवस्था भी ज्यादा व्यवस्थित और नियमित हो सकेगी। पालिका प्रशासन का दावा है कि इस पहल से शहर की तस्वीर बदलेगी, सड़कों पर बिखरा कचरा कम होगा और विकासनगर की स्वच्छता रैंकिंग में भी उछाल देखने को मिल सकता है। स्थानीय लोगों को अब बेहतर और समयबद्ध कूड़ा कलेक्शन सुविधा मिलेगी, यानी साफ है कि विकासनगर अब गंदगी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने के मूड में है।

