बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: SIT ने तीसरे आरोपी को दबोचा, VIP दर्शन कराकर चुराता था चढ़ावा

ख़बर शेयर करें

चमोली। प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले में एसआईटी ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मनोज कुमार लामबगड़ बैराज में सुरक्षाकर्मी के पद पर तैनात था।

आरोपी परियोजना अधिकारियों के रिश्तेदारों और अतिथियों को वीआईपी दर्शन कराने के बहाने मंदिर परिसर में ले जाता था। इसके बाद मौका मिलते ही दानपात्र और चढ़ावे की सामग्री पर हाथ साफ कर देता था।

चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर एसआईटी ने 25 और 29 जून के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज में आरोपी बार-बार चढ़ावे के पैसे और सामान अपनी जेब में डालता हुआ साफ दिखाई दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में नक्शा पास कराने के नियम बदले, आवासीय क्षेत्रों में कमर्शियल निर्माण पर पूरी तरह लगा बैन

पहचान पक्की होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 305 बढ़ा दी। शुक्रवार को कांगड़ा निवासी आरोपी मनोज कुमार को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां सीसीटीवी देखते ही उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की कुछ सामग्री श्रद्धालुओं को बेची थी और उससे मिले पैसों से कंपनी के मेहमानों की खातिरदारी की थी। मामले की जांच के दौरान एक हैरान करने वाला मोड़ तब आया जब पता चला कि आरोपी चोरी के सामान को कमरे में बिस्तर पर सजाकर उसकी मोबाइल से फोटो खींचता था। पुलिस ने जब उसके फोन की जांच की, तो डिलीट की गई ये तस्वीरें रीसाइकिल बिन से बरामद हो गईं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: शराब ओवररेटिंग पर सख्त हुईं आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल, लापरवाही पर नपेंगे जिम्मेदार अधिकारी

आरोपी की निशानदेही पर इंस्पेक्टर महादेव उनियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके लामबगड़ स्थित कमरे में दबिश दी। वहां से सफेद धातु की बिछिया, कर्णफूल, सोने जैसी नोज रिंग, सिक्के, कंगन, मूर्ति और 6000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने वह बेडशीट भी जब्त कर ली है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड की सियासत में ससुर-बहू आमने-सामने, हरक बोले- 'जो डर गए वो भाजपा में चले गए'...

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम के इस बहुचर्चित चढ़ावा चोरी कांड में मंदिर समिति के दो कर्मचारियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एसआईटी अब मामले की आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।