देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित निजी यूनिवर्सिटी में युवा फेस्ट के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब छात्रों की भीड़ हटाने पहुंची पुलिस और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर पुलिस ने युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा। कुछ ही दूरी पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर बेरहमी से लाठियां बरसाईं, जिससे युवक बेहोश हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले ने तूल पकड़ा तो एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। घटना में शामिल दरोगा और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि पूरे मामले की जांच राजपत्रित अधिकारी को सौंप दी गई है। पुलिस का कहना है कि यूनिवर्सिटी में बिना अनुमति कार्यक्रम को लेकर भीड़ जमा हो रही थी, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। भीड़ हटाने के दौरान कुछ युवकों ने बहस की, जिस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

