देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तर्ज पर अब शीतकालीन यात्रा के लिए भी पंजीकरण व्यवस्था लागू करने की तैयारी चल रही है। देहरादून में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि चारधाम यात्रा के बाद प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा दिया जाएगा और इसके लिए रजिस्ट्रेशन व्यवस्था बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन के पास श्रद्धालुओं की जानकारी और यात्रा का डाटा तैयार करना है।
पर्यटन विभाग के मुताबिक, मुख्य चारधाम यात्रा की तुलना में शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ काफी कम रहती है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए शीतकालीन यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य नहीं रखा जाएगा।
गौरतलब है कि वर्तमान में गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। अब 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही मुख्य चारधाम यात्रा छह माह के लिए स्थगित हो जाएगी। इसके बाद शीतकाल के दौरान चारों धामों की पूजा-अर्चना उनके निर्धारित प्रवास स्थलों पर होती है।
शीतकाल के इन छह महीनों में श्रद्धालु इन प्रवास स्थलों पर जाकर अपने आराध्य देवों के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस परंपरा के तहत बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है, जहां भक्त उनके दर्शन करते हैं।
इसी तरह गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की पूजा मुखबा और यमुनोत्री की पूजा खरसाली में की जाती है। वहीं, भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद होने के बाद आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में विराजित होती है, जबकि उद्धव जी की पूजा पांडुकेश्वर में होती है।
प्रदेश में शीतकालीन यात्रा की विधिवत शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर 2024 को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ इस यात्रा का शुभारंभ किया था।
शीतकालीन यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने चारों धामों के प्रवास स्थलों पर पहुंचकर दर्शन किए थे। इसके बाद वर्ष 2025 में भी 50 हजार से अधिक श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के दौरान दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचे थे।

