उत्तराखंड में बढ़ी ठंड की दस्तक: 3 जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान,जानें दून का हाल

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 12 नवंबर के लिए राज्य का आधिकारिक मौसम पूर्वानुमान जारी कर दिया है, जिसके अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों में मौसम करवट ले सकता है। विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।

यह भी पढ़ें -  भोपाल पहुंचे सीएम धामी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की माताजी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, जताया गहरा दुख

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बृहस्पतिवार को विशेष रूप से तीन पर्वतीय जनपदों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में मौसम का प्रभाव दिखेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही, इन तीनों जनपदों में 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों के लिए बड़ी राहत: SDRF-NDRF के सहायता मानकों में बढ़ोतरी, अब मौत पर मिलेंगे 8 लाख रुपये

पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी को छोड़कर राज्य के शेष सभी जनपदों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 12 नवंबर के लिए प्रदेश के किसी भी जिले में कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है। अन्य मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले जिलों में धूप खिली रहने और स्थिति सामान्य रहने की उम्मीद है।

राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। देहरादून में सुबह के समय आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि दोपहर और शाम के वक्त आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तापमान की बात करें तो देहरादून में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेंटीग्रेड के आसपास रहने का अनुमान है।