चारधाम यात्रा: 5 हेली कंपनियों पर अटका BKTC का 50 लाख रुपये बकाया, मंदिर समिति ने जारी किया नोटिस

ख़बर शेयर करें

ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और हेली कंपनियों के बीच बकाया भुगतान को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। चारधाम यात्रा में हेली सेवा संचालित करने वाली पांच कंपनियों पर मंदिर समिति का करीब 50 लाख रुपये बकाया है। यह बकाया राशि वर्ष 2024 और 2025 की यात्रा अवधि की है, जिसका दो साल बाद भी पूरा भुगतान न होने पर अब समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

दरअसल, बीकेटीसी की ओर से हेलिकॉप्टर के माध्यम से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को विशेष दर्शन (वीआईपी दर्शन) की सुविधा दी जाती है। इस सुविधा के बदले मंदिर समिति संबंधित हेली कंपनियों से प्रति यात्री 2100 रुपये का शुल्क लेती है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के सीएम धामी से मिले पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह, समसामयिक मुद्दों पर हुई चर्चा

समिति के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 और 2025 में हेली कंपनियों पर कुल तीन करोड़ रुपये का बकाया था। इसमें से समिति प्रशासन ने ढाई करोड़ रुपये की वसूली तो कर ली है, लेकिन पांच कंपनियों से अभी भी करीब 50 लाख रुपये मिलना बाकी है। हालांकि, समिति ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान वर्ष में हेली सेवा से पांच करोड़ रुपये की आय हुई है और इस साल का कोई बकाया लंबित नहीं है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों के लिए बड़ी राहत: SDRF-NDRF के सहायता मानकों में बढ़ोतरी, अब मौत पर मिलेंगे 8 लाख रुपये

पिछले दो वर्षों की बड़ी धनराशि लंबित रहने पर चारधाम महापंचायत ने कड़ा ऐतराज जताया है। महापंचायत के महासचिव बृजेश सती ने कहा कि हेली यात्रियों को धामों में तत्काल दर्शन की सुविधा मिलती है, इसलिए कंपनियों को इसका भुगतान भी तुरंत करना चाहिए। उन्होंने 50 लाख रुपये की वसूली लंबे समय तक अटके रहने के लिए सीधे तौर पर मंदिर समिति प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को लेकर हरीश रावत ने सरकार को घेरा, बोले- '9 हजार में दम नहीं, 19 हजार से कम नहीं'

दूसरी ओर, वसूली पर उठ रहे सवालों के बीच बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने समिति का पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि शेष 50 लाख रुपये के भुगतान के लिए संबंधित पांचों हेली कंपनियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। सोहन सिंह रांगड़ ने चेतावनी दी है कि यदि कंपनियों द्वारा जल्द ही बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो उनके खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर वसूली की सख्त कार्रवाई की जाएगी।