चकराता। उत्तराखंड के देहरादून जिले के चकराता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीमांत कस्बे त्यूनी में आज सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया, जब ‘उत्तराखण्ड स्वाभिमान मोर्चा टीम बॉबी चकराता विधानसभा टीम बाॅबी पंवार‘ के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह पूरा प्रदर्शन चकराता विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा और गाली-गलौज के तीखे विरोध में किया गया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और विधायक के भाइयों का पुतला दहन कर कड़ा रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनप्रतिनिधियों और उनके करीबियों द्वारा सार्वजनिक जीवन में इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। इस तरह का आचरण न केवल क्षेत्रीय मर्यादा के पूरी तरह खिलाफ है, बल्कि यह देवभूमि की सांस्कृतिक गरिमा और जनता के विश्वास पर भी एक बड़ा आघात है। जनता की नुमाइंदगी करने वालों के करीबियों से समाज संयम और शालीनता की उम्मीद रखता है, लेकिन इसके विपरीत इस प्रकार के कृत्य शर्मनाक हैं।
उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा द्वारा इस घटना को लेकर प्रशासन और संबंधित राजनीतिक खेमे को कड़ी चेतावनी दी है। मोर्चा की ओर से मांग की गई है कि इस घृणित और अमर्यादित कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जानी चाहिए। यदि समय रहते इस मामले में जवाबदेही तय करते हुए माफी नहीं मांगी गई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र और तेज किया जाएगा।

