धामी कैबिनेट बैठक: 22 अक्टूबर को 3000 करोड़ के अनुपूरक बजट समेत कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए 3000 करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट की रिपोर्ट समेत कई अहम विधेयकों को मंजूरी दी जाएगी।

कैबिनेट बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों का सीधा असर राज्य के विकास प्रोजेक्ट्स, त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों के बजट आवंटन पर पड़ेगा। शासन स्तर पर 27 अक्टूबर से गैरसैंण में प्रस्तावित दो दिवसीय विधानसभा सत्र की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: अब खुली मिठाइयों की हर ट्रे पर 'यूज बाई डेट' अनिवार्य, 26 अक्तूबर से लागू होंगे सख्त नियम

आगामी गैरसैंण सत्र के दौरान धामी सरकार 3000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर रखेगी। चालू वित्तीय वर्ष के शेष महीनों में जारी विकास योजनाओं को बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए इस बजट का पास होना बेहद जरूरी माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: फल-सब्जी मंडियों के कचरे से बनेगी बायोगैस, किच्छा और विकासनगर में प्लांट लगाने की तैयारी

मंत्रिमंडल की इस बैठक में छठे राज्य वित्त आयोग की सिफारिशों को भी स्वीकृति मिलेगी। इसके जरिए राज्य सरकार त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों को दिए जाने वाले अनुदान का नया खाका तय करेगी, जिससे स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति और मजबूत होगी। 22 अक्टूबर को होने वाली इस बैठक में अनुपूरक बजट के अलावा राज्य हित से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों और प्रशासनिक नीतियों पर भी मुहर लगने की पूरी संभावना है।