बागेश्वर: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम के बदलते मिजाज और मूसलाधार बारिश की आशंका को देखते हुए बागेश्वर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने बुधवार 1 जुलाई को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस खतरे को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे ने बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने सुरक्षा के लिहाज से 1 जुलाई को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन के इस आदेश का सीधा असर जिले के सभी स्कूली बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों पर पड़ेगा, जिन्हें खराब मौसम के दौरान घरों में ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार 1 जुलाई को बागेश्वर जिले के कई हिस्सों में मूसलाधार और बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने भी स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रहने को कहा है। इसी गंभीर चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे ने बच्चों की सुरक्षा के लिए तुरंत छुट्टी का आदेश जारी किया।
जिलाधिकारी की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, बागेश्वर जिले के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल पूरी तरह से बंद रहेंगे। यह आदेश कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों पर लागू होगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बुधवार को बंद रखे जाएंगे।
स्कूल खोला तो होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने इस आदेश को बेहद गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारीको साफ तौर पर कहा गया है कि वे इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं और जिलों के स्कूलों पर नजर रखें।
प्रशासन ने निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों को चेतावनी देते हुए साफ किया है कि यदि कोई भी स्कूल इस आदेश का उल्लंघन करता हुआ या बुधवार को खुला पाया गया, तो संबंधित स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमों के मुताबिक सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
भारी बारिश की इस चेतावनी को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम जनता के लिए भी जरूरी गाइडलाइन जारी की है। बागेश्वर जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को पूरी गंभीरता से लें।
प्रशासन ने कहा है कि खराब मौसम और भारी बारिश के दौरान लोग किसी भी तरह की अनावश्यक यात्रा करने से पूरी तरह बचें। इसके साथ ही उफान पर आने वाले नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों से बिल्कुल दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति या खतरे के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

