Uttarakhand: पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत का फिर बढ़ा कद, बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में बने उपाध्यक्ष..

ख़बर शेयर करें

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय राजनीति के पटल पर इसे तीरथ सिंह रावत की बड़ी वापसी के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और कई सियासी उतार-चढ़ावों के बावजूद, केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन में उनके दीर्घकालिक अनुभव और वफादारी पर एक बार फिर मुहर लगाई है।

यह भी पढ़ें -  'PM मोदी ने बेची चाय, तो मैंने भी हरिद्वार बस अड्डे पर बेची है चाट'..हरक सिंह रावत ने बयां किया छात्र जीवन का संघर्ष

तीरथ सिंह रावत का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में शुरू हुआ था। वर्ष 2000 में उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद वे राज्य के पहले शिक्षा मंत्री बने थे। इसके बाद वे प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और पौड़ी गढ़वाल से लोकसभा सांसद भी निर्वाचित हुए। मार्च 2021 में पार्टी आलाकमान ने उन्हें अचानक उत्तराखंड का मुख्यमंत्री बनाया, हालांकि संवैधानिक बाध्यताओं और महज 116 दिनों के छोटे कार्यकाल के बाद जुलाई 2021 में उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 5 हजार सरकारी स्कूल बंदी की कगार पर, कहीं 1 तो कहीं बचे मात्र 3 छात्र!

मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी तीरथ सिंह रावत अपने बेबाक बयानों और सादगी पसंद शैली को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहे। हालांकि, बाद के विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान विभिन्न राजनीतिक फेरबदल और समीकरणों के बीच उन्होंने धैर्य बनाए रखा और कभी पार्टी लाइन से बाहर जाकर काम नहीं किया।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के 13 उपाध्यक्षों में शामिल होकर उन्होंने साबित कर दिया है कि संगठन में जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं होती। शीर्ष नेतृत्व ने उनके पुराने सांगठनिक अनुभव को प्राथमिकता देते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी दी है। इस फैसले से न सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को उनका प्रशासनिक और सांगठनिक अनुभव मिलेगा, बल्कि उत्तराखंड में उनके समर्थकों में भी एक नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को CM धामी ने दी शुभकामनाएं

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad