देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में एक दिलचस्प मोड़ देखने को मिल रहा है। जो कांग्रेस अब तक प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल खड़े करती रही, वही अब पुलिस की कार्रवाई की सराहना करती नजर आ रही है। 25 लाख रुपये की ठगी के चर्चित मामले में पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने खुलकर पुलिस पर भरोसा जताया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग की है।
दरअसल, इस मामले में एक व्यक्ति पर खुद को राहुल गांधी का करीबी बताकर ठगी करने का आरोप है। शिकायत सामने आने के बाद देहरादून की राजपुर थाना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद जहां एक ओर पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भी इस कदम का स्वागत किया है।
गणेश गोदियाल का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस ठगी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और कहीं कोई बड़ा षड्यंत्र तो नहीं रचा गया। दरअसल हर कोई यह भी जानना चाहता कि जो भी लोग पर्दे के पीछे रहकर इस तरह के खेल को अंजाम दे रहे हैं, उनका सामने आना जरूरी है ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
यह घटनाक्रम इसलिए भी खास है क्योंकि अब तक कांग्रेस प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सरकार और पुलिस को घेरती रही है। कई मामलों में पुलिस जांच पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस अब उसी पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा जताती दिख रही है। इससे सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि क्या यह बदलाव परिस्थितियों की देन है या फिर रणनीति का हिस्सा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब मामला सीधे तौर पर पार्टी से जुड़ा हो या पार्टी के नेताओं पर असर डालता हो, तब रुख में यह बदलाव देखने को मिलता है।
बहरहाल, इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि सियासत में स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होते, बल्कि हालात के हिसाब से रुख बदलते रहते हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस जांच में क्या खुलासा होता है और क्या वाकई इस ठगी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या सियासी कनेक्शन सामने आता है।

