उत्तराखंड खेल मंत्री रेखा आर्य 10 अगस्त को निकालेंगी 22 किमी कांवड़ यात्रा, 22 किमी पैदल चलेंगी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य 10 अगस्त को हरिद्वार से 22 किलोमीटर लंबी पैदल कांवड़ यात्रा निकालेंगी। यह यात्रा भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ आयोजित की जा रही है। देहरादून प्रेस क्लब में वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि यात्रा में संत समाज, खिलाड़ी और आम नागरिक शामिल होंगे।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि यह पैदल कांवड़ यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। देवभूमि की इस पावन यात्रा से देश भर के युवाओं और खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार होगा।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Weather Update: दून-नैनीताल समेत 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

यात्रा के रूट के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से शुरू होगी। 22 किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ इसका समापन होगा, जहां भारत को ओलंपिक मेजबानी मिलने का संकल्प लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Weather Update: दून समेत 8 जिलों में आज भारी बारिश का यलो अलर्ट

इस धार्मिक और खेल संकल्प यात्रा में जूना अखाड़ा के संरक्षक और अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज शामिल रहेंगे। इसके साथ ही अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पूरी महाराज भी यात्रा के विभिन्न चरणों में उपस्थित होकर आशीर्वाद देंगे।

यात्रा में प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी, खेल विभाग और युवा कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। खेल मंत्री रेखा आर्य ने प्रदेशवासियों से 10 अगस्त को इस कांवड़ यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक संकल्प और भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।