श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा ट्रस्ट की श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की विशेष अपील

ख़बर शेयर करें

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने पवित्र श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी देश-विदेश के श्रद्धालुओं से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की पुरजोर अपील की है। उन्होंने बताया कि 23 मई से शुरू हुई इस पावन यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और लगातार बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों का आना जारी है।

ट्रस्ट ने सभी भक्तों से यात्रा के वास्तविक महत्व और उद्देश्य को समझने का आग्रह किया है ताकि कोई भी ऐसा कृत्य न हो जिससे यात्रा की धार्मिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचने और सामाजिक सौहार्द व कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग देने की बात कही है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: 15 अक्टूबर के बाद औचक सड़क निरीक्षण पर निकलेंगे CM धामी, लापरवाह अफसरों पर गिरेगी गाज

ट्रस्ट द्वारा जारी संदेश में सिख धर्म की मूल भावनाओं का सम्मान करने और शस्त्रों के महत्व को सही परिप्रेक्ष्य में समझने पर विशेष जोर दिया गया है। अपील में स्पष्ट किया गया है कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व केवल धर्म और मानवता की रक्षा के लिए है, न कि उनके किसी भी तरह के दुरुपयोग या दिखावे के लिए।

यह भी पढ़ें -  Cyber Alert: 80s फोटो ट्रेंड का चक्कर पड़ सकता है भारी! एक लिंक उड़ा ले जाएगा आपकी गाढ़ी कमाई..

इसलिए, श्रद्धालुओं से यह विनम्र आग्रह किया गया है कि वे यात्रा के दौरान अपने साथ अनावश्यक रूप से शस्त्र न लाएं। इसके साथ ही, बच्चों की सुरक्षा और संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा पर आने वाले छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से पूरी तरह दूर रखा जाए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: चारधाम यात्रा का दूसरा चरण शुरू, 30 सितंबर तक केदारनाथ हेली सेवा की सभी सीटें फुल

ट्रस्ट ने सभी भक्तों से अनुरोध किया है कि वे पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ अनुशासित होकर अपनी यात्रा पूरी करें। यदि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद या असुविधा उत्पन्न होती है, तो कानून को हाथ में लेने के बजाय तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि शांतिपूर्ण ढंग से समाधान निकाला जा सके।