श्रीनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्रीनगर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम धामी ने विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लोकतंत्र और भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने शासनकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की कथित ‘न्याय यात्रा’ को लगातार मिल रही चुनावी हार से उपजी हताशा का परिणाम करार दिया। उन्होंने कहा कि यह न्याय की यात्रा नहीं, बल्कि कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व बचाने का प्रयास है। कांग्रेस विकास के मुद्दों पर सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए जनता में भ्रम फैला रही है।
भर्ती परीक्षाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में उत्तराखंड में नकल माफिया हावी था और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ होता था। वहीं, भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक ‘नकल विरोधी कानून’ लागू कर पूरी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की है और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर दिए हैं।
संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए सीएम धामी ने कहा कि मतदाता सूची में किसी पात्र का नाम छूटने पर एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया है। चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है, इसलिए सड़कों पर प्रदर्शन करना और संस्थाओं को घेरना लोकतंत्र का सम्मान नहीं है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने टूजी, कॉमनवेल्थ और कोयला घोटालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के कार्यकाल में घोटालों की लंबी सूची रही हो, उसे भाजपा सरकार से सवाल पूछने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
संवेदनशील अंकिता भंडारी प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए। मामले की जांच सीबीआई कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन किसी बेटी और उसके परिवार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का जरिया बनाना अनुचित है।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस आज महिला सम्मान की बात कर रही है, लेकिन अपने कार्यकाल की घटनाओं पर उसकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। वर्तमान राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
क्षेत्रीय विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जनसभा से पूर्व श्रीनगर बाईपास सड़क के विस्तृत सर्वेक्षण कार्य का शुभारंभ किया गया है। इससे शहर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और बुनियादी ढांचे को नई गति मिलेगी। अंत में उन्होंने कहा कि मां गंगा के सानिध्य श्रीनगर से शुरू हुई भाजपा की यह पदयात्रा उत्तराखंड के स्वाभिमान, विकास और सुशासन के संकल्प की यात्रा है, जो आने वाले समय में प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचेगी।

