उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित सुरई रेंज के शारदा सागर डैम में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान प्रवासी पक्षियों का शिकार कर रहे एक आरोपी को 12 मृत पक्षियों के साथ धरदबोचा है। इस दौरान दूसरा आरोपी मौका पाकर फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में विभाग द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सर्दियों के इस मौसम में विदेशी मेहमानों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
सर्द मौसम की शुरुआत के साथ ही सात समंदर पार से विदेशी पक्षियों का सीमांत क्षेत्र के जलाशयों में पहुंचना शुरू हो गया है। चीन, मंगोलिया, साइबेरिया और आधा दर्जन यूरोपीय देशों से आने वाले पचास हजार से अधिक पक्षी इन जलाशयों में चार महीने तक डेरा डालते हैं। हालांकि, इन सुंदर और दुर्लभ मेहमानों पर हमेशा से शिकारियों का साया मंडराता रहा है, जिससे निपटने के लिए वन विभाग लगातार गश्त कर रहा है।
शुक्रवार को सुरई रेंज के वन क्षेत्राधिकारी आरएस मनराल के निर्देशन में वन विभाग की टीम शारदा सागर डैम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर पानी में तैरती एक नाव पर पड़ी, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति सवार थे। वन कर्मियों ने बिना देर किए अपनी लकड़ी की दो नावों से घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की जब तलाशी ली गई, तो उनके पास रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 12 मृत प्रवासी पक्षी बरामद हुए। इसके अलावा उनके पास एक काली थैली में कीड़े भी मिले, जिनका इस्तेमाल पक्षियों को लुभाने या फंसाने के लिए किया जा रहा था। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान ग्राम सिसैया बंधा झनकइया निवासी रोहित कुमार और राजू के रूप में बताई।
कार्रवाई के दौरान ही एक आरोपी पुलिस और वन कर्मियों को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा, जबकि दूसरे आरोपी को टीम सुरक्षित रेंज कार्यालय ले आई। रेंजर आरएस मनराल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार दूसरे आरोपी की धरपकड़ के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

