उत्तराखंड के देवप्रयाग में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई को पार करते हुए सीधे अलकनंदा नदी में जा गिरी। यह घटना मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के पास हुई।
कार के अचानक सड़क से नीचे नदी में गिरते ही आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बेहद अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे पानी में समा गई। हादसे की भयावहता को देखते हुए तत्काल पुलिस, SDRF और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया, जिसके बाद सभी टीमें फौरन हरकत में आईं और घटना स्थल पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलकनंदा नदी में गिरे वाहन का नंबर UK 08 TA 5433 बताया जा रहा है। हालांकि, यह भीषण दुर्घटना किन परिस्थितियों के कारण हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं घटना स्थल से पुलिस को दो शव हुए बरामद हुए हैं, वाहन में सवार व्यक्ति राजस्थान राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू दलों ने बिना वक्त गंवाए नदी के आस-पास खोजबीन और बचाव कार्य शुरू कर दिया था। लेकिन इस समय अलकनंदा नदी के अत्यंत तेज बहाव के कारण लापता कार और उसमें सवार अन्य लोगों को ढूंढने का यह रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा बना हुआ है।

