देहरादून में आसमान से बरसती आग और चिलचिलाती धूप ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है, जिससे न्याय परिसर भी अछूता नहीं रहा है। दून न्यायालय में लगातार बढ़ रहे तापमान और उमस भरी गर्मी को देखते हुए जिला न्यायालय परिसर के अधिवक्ताओं को एक बहुत बड़ी और व्यावहारिक राहत प्रदान की गई है। बार एसोसिएशन देहरादून की कार्यकारिणी के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिला जज प्रेम सिंह खिम्वाल से मुलाकात की थी।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बढ़ते पारे और वकीलों को होने वाली शारीरिक दिक्कतों का हवाला देते हुए न्यायालय की कार्यवाही के दौरान अनिवार्य रूप से पहने जाने वाले पारंपरिक काले कोट से अस्थाई रूप से छूट देने की मांग रखी थी। जिला जज ने वकीलों की इस परेशानी को बेहद गंभीरता से समझा और तुरंत उनकी मांग को स्वीकार करते हुए सभी अधिवक्ताओं को कोर्ट रूम में काला कोट पहनने की औपचारिकता से अस्थाई रूप से मुक्त कर दिया, जिससे वकीलों को इस तपती गर्मी में बहुत बड़ी राहत मिलेगी।

