आरक्षण में फेरबदल को लेकर गरिमा मेहरा दसौनी ने BJP पर किया हमला

ख़बर शेयर करें


उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने शहरी निकायों के चुनावी कार्यक्रम के बाद जारी अनंतिम आरक्षण सूची में किए गए फेरबदल को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने इसे भाजपा के दल में चल रहे अन्तरविरोधों का नतीजा बताया।

गरिमा मेहरा ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा ने आरक्षण की सूची में बदलाव करते हुए अपने नेताओं की आपसी कलह को उजागर किया है। उन्होंने कहा, “विकास नगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान और लैंसडौन के विधायक महंत दिलीप रावत ने सार्वजनिक तौर पर विरोधी स्वर उठाए और निर्दलीय चुनाव लड़ने की अपील की।” इसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को पार्टी नेताओं को अनुशासनहीनता की धमकी देनी पड़ी।

यह भी पढ़ें -  "छात्रसंघ से मेयर तक का सफर, अब विधायकी पर नजर".. 4 बार की दावेदारी दिखाएगी असर

इसके अलावा, हल्द्वानी में ओबीसी आरक्षण के बाद भाजपा के भीतर हंगामा मच गया। गरिमा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस के नवीन वर्मा को भाजपा में शामिल किया और फिर गजराज बिष्ट ने भी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला। अंततः हल्द्वानी को पुनः अनारक्षित घोषित कर दिया गया, जिसे भाजपा का “यूटर्न” कहा जा सकता है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: त्योहारी सीजन में सख्त ट्रैफिक व्यवस्था, ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवरलोडिंग पैनी नजर

गरिमा ने यह भी कहा कि भाजपा ने एक साल तक शहरी निकाय चुनाव टालकर जनता की समस्याओं को अनदेखा किया। जनता खराब सड़कों, सफाई, चोरी, डकैती जैसी समस्याओं से परेशान थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इन पर कोई ध्यान नहीं दिया। उनका कहना था कि भाजपा ने उच्च न्यायालय की फटकार के बावजूद चुनाव को टालने के लिए गैरवाजिब कारणों का हवाला दिया।

यह भी पढ़ें -  आवास तैयार, शासन की भी हरी झंडी... फिर किस बात का इंतजार? काठबंगला में 116 फ्लैटों का अटका प्रवेश

उन्होंने आगे कहा कि छोटे निकायों का लोकतंत्र में अहम स्थान है, क्योंकि जनता को उनके पार्षद और महापौर ज्यादा सुलभ होते हैं। भाजपा ने सत्ता की बागडोर अपने हाथ में रखने की कोशिश की, लेकिन अब विपक्षी दलों को अतिरिक्त समय मिल गया है, और वे आगामी चुनावों के लिए तैयार हैं। गरिमा ने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय थे और आगामी चुनावों में कांग्रेस के समर्थक ही जीतेंगे।