गनानी के पास नदी में समाई गुजरात के यात्रियों की कार, 5 शव बरामद; चालक समेत दो लापता

ख़बर शेयर करें

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां गंगनानी के पास श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार गुजरात के पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग लापता हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुँचकर नदी किनारे से पांच शव बरामद कर लिए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में एसेट मॉनेटाइजेशन पर सरकार का बड़ा स्पष्टीकरण, चुनिंदा सरकारी जमीनों का ही हो रहा उपयोग

गुजरात से गंगोत्री धाम की दर्शन यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की यह कार बृहस्पतिवार सुबह हिना के पास से रवाना हुई थी। कार में गुजरात के छह यात्री और एक स्थानीय चालक सवार थे। सुबह गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क से नीचे खाई में गिरकर बहती नदी में समा गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड को ₹22.15 करोड़ की सौगात: CM धामी ने 26 विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी

हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तरकाशी पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पहाड़ी ढलान और नदी के तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी किनारे से पांच शवों को बाहर निकाला।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, वाहन में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में मारे गए पांचों यात्रियों के शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि लापता चालक और एक अन्य यात्री की तलाश के लिए नदी के बहाव वाले इलाकों में एसडीआरएफ का सघन सर्च अभियान जारी है। जिला प्रशासन ने गुजरात में मृतकों के परिजनों से संपर्क साधने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही दुर्घटना के संभावित कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।