देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विशाल जनसभा, पुलिस लाइन में अलंकरण परेड और धनतेरस की भारी खरीदारी के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। देहरादून ट्रैफिक पुलिस ने परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास के कई मुख्य मार्गों को ‘जीरो जोन’ घोषित करते हुए नया डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है।
परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली गृह मंत्री की रैली के दौरान सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जनसभा के समय रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
रूट डायवर्जन प्लान के मुताबिक, सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की तरफ भेजा जाएगा। इसके अलावा बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहनों को एमकेपी मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं, आराघर से ईसी रोड जाने वाली गाड़ियों को सीएमआई, एमकेपी और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर डायवर्ट किया गया है।
बाहरी जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली यात्री बसों के लिए अलग ड्रॉप प्वाइंट बनाए गए हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर और सर्वे चौक होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी, जिसके बाद ये बसें बन्नू स्कूल परिसर में पार्क होंगी। रुड़की, आईएसबीटी, विकासनगर व चकराता से आने वाली सभी बसों का ड्रॉप प्वाइंट दून क्लब के सामने तय किया गया है, जबकि सहस्रधारा व रायपुर की बसें सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को ड्रॉप करेंगी।
पुलिस लाइन में आयोजित अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक का क्षेत्र पूरी तरह से जीरो जोन रहेगा। इस पूरे पैच में आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। धनतेरस के चलते पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक व्यावसायिक लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। बाजार में केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर वन-वे व्यवस्था रहेगी, जबकि स्थानीय व्यापारियों के वाहनों को केवल टोकन के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा।
धनतेरस पर शहर के प्रमुख खरीदारी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। इसके तहत धर्मपुर बाजार के लिए रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी बाजार के लिए जीएसटी कार्यालय के पास लिंक रोड पर, रिस्पना क्षेत्र के लिए राजीव नगर में, प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड में और रायपुर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा, सहस्रधारा, रायपुर और राजपुर रोड की ओर से आने वाले निजी वाहन सर्वे चौक, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्क हो सकेंगे। वहीं चकराता रोड की तरफ से आने वाले वाहन जनपथ कॉम्प्लेक्स और रेंजर्स ग्राउंड में खड़े किए जाएंगे, जिनमें से कई पार्किंग स्थल दोपहर 3 बजे से जनता के लिए उपलब्ध होंगे।
यातायात पुलिस ने सख्त निर्देश दिए हैं कि नो-पार्किंग जोन में गाड़ियां खड़ी करने पर उन्हें क्रेन से उठाया जाएगा और ₹1500 का चालान काटा जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निजी गाड़ियों के बजाय दोपहिया या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। दिनभर शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को सभी पाबंदियों से पूरी तरह छूट दी गई है।

