देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के चार अमर शहीदों के सम्मान में उनके पैतृक गांवों में शहीद द्वार और शहीद स्मारक निर्माण के लिए वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। देहरादून में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने इस फैसले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
प्रशासनिक मंजूरी के तहत पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल जिलों के दो-दो शहीदों के गांवों में यह निर्माण कराया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीरों की स्मृति को सहेजना और युवा पीढ़ी को प्रेरित करना है। टिहरी गढ़वाल के तहसील बालगंगा स्थित ग्राम कैपर्स बारसार में CRPF के अमर शहीद कांस्टेबल विनोद पाल सिंह की स्मृति में भव्य शहीद स्मारक और शहीद द्वार का निर्माण किया जाएगा।
पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड कल्जीखाल स्थित ग्राम कोला-सिल्डी में सेना के वीर शहीद पैराट्रूपर अमित कुमार अग्रवाल की याद में शहीद द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार पौड़ी जिले की तहसील रिखणीखाल के ग्राम बूंगा मल्ला में शहीद नायक भरत सिंह की पावन स्मृति में स्मारक का निर्माण संपन्न होगा।
चौथे वीर सैनिक के रूप में टिहरी जिले की तहसील देवप्रयाग स्थित ग्राम कोटी में ITBP के अमर शहीद सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह की स्मृति में शहीद स्मारक बनेगा। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि धामी सरकार शहीदों के सम्मान और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के हर शहीद के योगदान को अमर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

