टिहरी – रानीचौरी स्थित उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में समान कार्य-समान वेतन की मांग तेज हो गई है। उपनल और संविदा कर्मचारी लंबे समय से वेतन निर्धारण और भुगतान में देरी से नाराज हैं। आक्रोशित कर्मचारियों ने परिसर में सांकेतिक धरना दिया और भीख मांगकर अपनी आर्थिक तंगी बयां की।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में कार्यरत उपनल और संविदा कर्मचारी लंबे समय से समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि वे पूरी निष्ठा से ड्यूटी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी वेतन न मिलने से परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में नाराज कर्मचारियों ने धरना स्थल पर ही भीख मांगकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।
विश्वविद्याल मे तैनात मुलाजिमों ने कहा “हम सालों से यहां काम कर रहे हैं। अदालत का आदेश है समान कार्य-समान वेतन का, लेकिन हमारे यहां लागू नहीं किया जा रहा। हमारा परिवार भूखा है, इसलिए आज भीख मांगने पर मजबूर हैं। लिहाजा कर्मचारियों ने बैठक के बाद कुलपति को ज्ञापन भेजकर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों और शासनादेशों के अनुसार वेतन देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

