देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक युवती के साथ उसके मंगेतर द्वारा दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस वारदात से शहर में रहने वाली कामकाजी युवतियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मूल रूप से चकराता की रहने वाली 26 वर्षीय पीड़िता देहरादून में रहकर नौकरी करती है। युवती का रिश्ता मार्च 2023 में हरियाणा के रहने वाले एक युवक के साथ तय हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि 22 जनवरी 2024 को आरोपी जबरन देहरादून स्थित उसके किराये के कमरे में घुस आया और डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने चुपके से उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।
इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई दिनों तक कमरे में रुका और युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। अक्टूबर 2024 में भी आरोपी ने इसी तरह वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल कर दोबारा ज्यादती की। लगातार हो रहे शोषण से परेशान होकर पीड़िता ने 4 दिसंबर 2024 को इसका कड़ा विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
शादी से इनकार के बाद भी पीड़ित परिवार ने रिश्ते को बचाने के लिए बातचीत जारी रखी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी पक्ष ने शादी के एवज में 20 लाख रुपये नकद और एक स्कार्पियो कार की मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर आरोपी अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने और पीड़िता को जान से मारने की धमकियां देने लगा।
शहर कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

