देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का आधिकारिक शुभारंभ किया। 17 से 20 अगस्त तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए देश-विदेश के एथलीटों, कोचों और अधिकारियों का उन्होंने देवभूमि में स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी मिलना उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से राज्य को वैश्विक स्तर पर शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के एक प्रमुख गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलेगी।

खेलों को अंतरराष्ट्रीय मित्रता और सद्भाव का जरिया बताते हुए CM धामी ने कहा कि असली सफलता केवल जीत में नहीं, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और कभी न हार मानने वाले संकल्प में होती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से खेल भावना की नई मिसाल कायम करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। इसी का नतीजा है कि आज भारतीय एथलीट ओलंपिक और एशियन गेम्स जैसे वैश्विक मंचों पर देश का मान बढ़ा रहे हैं।

उत्तराखंड में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता ने राज्य में आधुनिक खेल सुविधाओं का मजबूत आधार तैयार किया है। यही कारण है कि अब उत्तराखंड बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह सक्षम हो चुका है।
राज्य सरकार की भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए उन्होंने बताया कि ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’ के तहत प्रदेश के 8 प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां बनाई जा रही हैं। इसके अलावा हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय आकार ले रहा है और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की शुरुआत हो चुकी है।

खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन पर प्रकाश डालते हुए CM धामी ने कहा कि नई खेल नीति के तहत मेधावी खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के साथ छात्रवृत्तियां और खेल किट दी जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश और दुनिया के खिलाड़ियों के पसंदीदा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग हब के रूप में विकसित करना है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस चार दिवसीय एशियन ओपन स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी के उद्घाटन अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा और खेल निदेशक दीप्ति सिंह समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

