टिहरी: नौवें जौनपुर महोत्सव में सीएम धामी ने धनौल्टी को दी ₹52.55 करोड़ की सौगात, की कई घोषणाएं

ख़बर शेयर करें

टिहरी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टिहरी गढ़वाल जिले की धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ₹52.55 करोड़ की लागत वाली कुल 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिससे स्थानीय जनता को सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

कुल योजनाओं में ₹3050.63 लाख की 11 योजनाओं का लोकार्पण और ₹2204.62 लाख की 15 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता की मांग पर थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने और धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने की बड़ी घोषणा की।

बाढ़ सुरक्षा के लिए भी मुख्यमंत्री ने विशेष बजट की घोषणा करते हुए जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी सुरक्षा योजना के लिए ₹273 लाख और भवन बाजार क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ₹4 करोड़ 72 लाख की स्वीकृति दी। उन्होंने क्षेत्र की अन्य सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से जुड़े मांगपत्रों का परीक्षण कर उन्हें भी घोषणाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें -  भोपाल पहुंचे सीएम धामी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की माताजी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, जताया गहरा दुख

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होमस्टे, नई पर्यटन नीति और ‘वेड इन उत्तराखंड’ जैसी पहलों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड ने अपनी शुरुआत से अब तक ₹6 करोड़ से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने इसे प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और स्थानीय उत्पादकों की मेहनत व उत्पादों की गुणवत्ता का प्रमाण बताया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों के लिए बड़ी राहत: SDRF-NDRF के सहायता मानकों में बढ़ोतरी, अब मौत पर मिलेंगे 8 लाख रुपये

युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है, जिसके तहत अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों से प्रेरित होकर उत्तराखंड के युवा खेल जगत में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।

पर्यटन और सड़क ढांचे के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए सीएम ने बताया कि लगभग ₹1300 करोड़ की लागत से टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों को विशेष पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन के स्थायी उपचार पर ₹6 करोड़, इसी मार्ग के डामरीकरण पर ₹10 करोड़ से अधिक और कद्दूखाल में वाहन पार्किंग निर्माण पर ₹8 करोड़ से अधिक खर्च किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड भाषा संस्थान: 26 साल बाद भी नहीं मिला स्थायी ठिकाना, अब देहरादून में जमीन की तलाश

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर द्वारा सेब, कीवी, केसर, अदरक और रोजमैरी की खेती के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत के अनुवाद के माध्यम से लोकभाषा के संरक्षण में योगदान देने के लिए ग्राम सभा पापरा के साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से नवाजा गया।

इस मौके पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया। स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।