उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत तपोवन में स्थित ‘बजंरग सेतु’ का स्थलीय निरीक्षण कर उसकी प्रगति और सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता श्री ओम प्रकाश ने उन्हें पुल की उन्नत इंजीनियरिंग संरचना, विशिष्ट तकनीकी पहलुओं और निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी, जिस पर मुख्य सचिव ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इसके बाद उन्होंने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित ‘हिलांस हिमालयन भोजनालय’ का भी जायजा लिया, जहां इसकी संचालक बीना पुंडीर ने प्रतिदिन आने वाले पर्यटकों और दैनिक बिक्री का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य सचिव ने भोजनालय के संचालक को परिसर के आसपास बड़े पैमाने पर पौधरोपण करने तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए मेन्यू को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थानीय स्तर पर आजीविका और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले ऐसे जमीनी प्रयासों को सरकार और अधिक मजबूत करेगी जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिले। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पीडब्ल्यूडी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, डीएम टिहरी श्रीमती नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे और तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट सहित प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

