उत्तराखंड में इस समय प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अपने पूरे शबाब पर है, जिसके चलते केदारनाथ, बद्रीनाथ और गंगोत्री धाम में दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों का भारी हुजूम उमड़ रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा इस बार धामों में श्रद्धालुओं की निर्धारित दैनिक संख्या की बाध्यता समाप्त किए जाने के कारण यात्रियों के आने पर किसी तरह की रोकटोक नहीं है, जिससे भीड़ का ग्राफ तेजी से बढ़ा है।
विशेष रूप से शुक्रवार को गंगोत्री धाम में अचानक बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या की वजह से मुख्य मंदिर परिसर से लेकर हेलीपैड और स्नान घाटों के पीछे बाजार तक करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन लग गई, जिससे चारों तरफ अफरा-तफरी और जाम का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं को दर्शन करने के लिए कई घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
वहीं गंगोत्री धाम में अप्रत्याशित रूप से उमड़ी भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा क्योंकि संकरे रास्तों और रेलिंग के पास अत्यधिक दबाव होने के कारण यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। हालांकि स्थिति की गंभीरता को हुए गंगोत्री पुलिस चौकी प्रभारी प्रमोद उनियाल के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और रस्सियां लगाकर कतारबद्ध तरीके से नई व्यवस्था बनाई ताकि सभी लोग सुरक्षित रूप से दर्शन कर सकें।

