चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में पीपलकोटी (मायापुर) स्थित THDC की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में बड़ा हादसा हुआ है। टनल में अचानक भूधंसाव के बाद मलबा और पानी भरने से हड़कंप मच गया। रातभर चले राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 7 लोगों की मौत की दुखद सूचना है। टनल में फंसे शेष 3 लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
THDC की लगभग 3 किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल के 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण यह स्थिति बनी। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक टनल में कुल 22 लोग फंसे थे। राहत कार्य के दौरान अच्छी बात यह रही कि बचाव के लिए अंदर गए 6 बचावकर्मी भी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

रेस्क्यू किए गए सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है। वहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमों को अलर्ट पर रखा गया है, जो घायलों की स्थिति की निरंतर निगरानी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार खुद घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की ग्राउंड से निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने शेष 3 लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी आधुनिक संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता के उपयोग के निर्देश दिए हैं।

टनल में जमा भारी मलबे और पानी के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। इसके बावजूद NDRF, SDRF, ITBP, स्थानीय पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम अत्यंत सावधानी और आपसी समन्वय के साथ मलबे को हटाने में जुटी है।
क्षेत्र में बेहद खराब मौसम और भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पीपलकोटी पहुंचे। बेहद विषम परिस्थितियों में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराई जा सकी। सीएम धामी टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी अभियान का खुद स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका उपचार एवं स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेस्क्यू अभियान के साथ-साथ घायलों के उपचार, परिजनों की सहायता एवं घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने बचाव दलों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए अभियान को पूरी गंभीरता एवं सावधानी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

