“कोबरा गैंग” के 2 विदेशी सहित 3 नशा तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख की कोकीन बरामद

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने और ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देहरादून पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देशन में राजपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान कोबरा गैंग से जुड़े 3 शातिर नशा तस्करों को दो अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए अभियुक्तों में सूडान देश के रहने वाले दो विदेशी पैडलर माइकल इक्का मेक्सन और लेविकिरी वानिकी और एक स्थानीय तस्कर जावेद आलम शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक स्कूटी और एक स्विफ्ट डिजायर कार भी सीज की गई है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में ₹2 महंगी हुई CNG, ₹99 प्रति किलो पहुंची कीमत, आम जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ये तस्कर दिल्ली से कोकीन लाकर देहरादून के राजपुर क्षेत्र में होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। विदेशी अभियुक्त मूल रूप से सूडान के नागरिक हैं, जो अक्सर सूडान से देहरादून आते-जाते रहते हैं और डिमांड के हिसाब से दिल्ली से कोकीन लाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने एजेंटों को सप्लाई करते हैं।

यह भी पढ़ें -  मलेशिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर लगी पूरी रोक

गौरतलब है कि पुलिस इस गैंग के 13 तस्करों को पहले ही जेल भेज चुकी है। वर्ष 2026 के शुरुआती 5 महीनों में दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए हैं और कुल 145 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है।