उत्तराखंड रोडवेज के बेड़े में दीवाली से पहले शामिल होंगी 200 नई बसें, हफ्तेभर में जारी होगा री-टेंडर

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम 200 नई बसों के संचालन के लिए एक सप्ताह के भीतर री-टेंडर जारी करने जा रहा है। रोडवेज प्रबंधन की योजना दीवाली तक इन नई बसों को बेड़े में शामिल कर मैदानी मार्गों पर उतारने की है, ताकि त्योहारी सीजन में यात्रियों को सुगम सफर मिल सके।

इससे पहले रोडवेज ने मैदानी रूटों पर संचालन के लिए 200 बसों का टेंडर निकाला था, लेकिन उसमें केवल दो ही कंपनियों ने हिस्सा लिया। नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया को मान्य करने के लिए कम से कम तीन कंपनियों की भागीदारी अनिवार्य होती है। यही वजह रही कि रोडवेज को पहला टेंडर रद्द करना पड़ा।

यह भी पढ़ें -  रुद्रप्रयाग के रतूड़ा में 48.84 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक राज्य अतिथि गृह, NGT के कड़े मानकों का होगा पालन

रोडवेज के महाप्रबंधक भूपेश आनंद कुशवाहा ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर नए सिरे से निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। उनका प्रयास है कि समय पर प्रक्रिया पूरी कर दीवाली से पहले नई बसों का संचालन शुरू कर दिया जाए। महाप्रबंधक ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि री-टेंडर में भी केवल दो ही कंपनियां आती हैं, तो बसों के संचालन में देरी रोकने के लिए निगम बोर्ड अध्यक्ष से विशेष अनुमति ली जाएगी, जिससे खरीद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

यह भी पढ़ें -  दून अस्पताल में गर्भवती महिला को 5 घंटे बाद मिला इलाज, बरपा हंगामा

दूसरी ओर, उत्तराखंड के पर्वतीय रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है। पहाड़ी मार्गों के लिए 59 नई बसों की टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है और ये बसें बहुत जल्द रोडवेज के बेड़े में शामिल होने वाली हैं। पर्वतीय रूटों पर 59 नई बसों के उतरने से दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के यात्रियों को आवाजाही में बड़ी सहूलियत मिलेगी। इससे मैदानी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था काफी मजबूत और सुविधाजनक हो जाएगी।