पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने आज यानी बुधवार 04 नवंबर को बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने फायर स्टेशन कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मामला पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके होटल की अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ₹20,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत मिलने पर विजिलेंस विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि हुई। मामला सही पाए जाने के बाद थाना सतर्कता सैक्टर देहरादून में आरोपी अधिकारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मुकदमा दर्ज करने के बाद विजिलेंस सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए कोटद्वार में योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। 04 नवंबर को जैसे ही शिकायतकर्ता ने रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 6,000 रुपये आरोपी भूपेश त्यागी को सौंपे, टीम ने उन्हें मौके पर ही धर दबोचा। विजिलेंस टीम ने आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

