देहरादून। दीपावली और गोवर्धन पूजा के दौरान यात्रियों की सहूलियत और बसों के सुचारू संचालन के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम ने कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। इस योजना के तहत 6 से 16 नवंबर तक लगातार ड्यूटी देने वाले चालकों, परिचालकों और तकनीकी कर्मचारियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
रोडवेज के महाप्रबंधक क्रांति सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, त्योहारी सीजन में चालकों और परिचालकों की छुट्टियों के कारण बस सेवाओं पर असर पड़ता है। इसी को देखते हुए कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। योजना के तहत निर्धारित अवधि में केवल एक छुट्टी लेकर 10 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मियों को यह लाभ मिलेगा।
योजना के मानकों के मुताबिक, मैदानी मार्गों पर बस चलाने वाले चालकों और परिचालकों को 10 दिनों में न्यूनतम 2,500 किलोमीटर पूरा करने पर ₹1,500 की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं, मैदानी व पर्वतीय मिश्रित मार्गों पर 2,000 किलोमीटर की दूरी पूरी करने वाले कर्मचारियों को ₹1,500 दिए जाएंगे।
केवल पर्वतीय मार्गों पर सेवाएं देने वाले चालकों और परिचालकों के लिए न्यूनतम 1,800 किलोमीटर की शर्त रखी गई है, जिसे पूरा करने पर ₹1,500 की राशि मिलेगी। इसके साथ ही कार्यशालाओं में 10 दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को ₹1,000 का प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा।
इस प्रोत्साहन योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसमें डिपो संचालन से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारियों और बस स्टेशनों की व्यवस्था संभालने वाले उपनल कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें ₹1,000 दिए जाएंगे। इसके अलावा, 7, 8, 10 और 11 नवंबर को निर्धारित किलोमीटर अर्जित करने वाले कर्मियों को ₹1,500 की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।

