उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों को धामी सरकार का दिवाली गिफ्ट, 3% बढ़ा महंगाई भत्ता, 4 महीने का मिलेगा एरियर

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता अब 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। यह बढ़ी हुई दर 1 जुलाई, 2026 से लागू मानी जाएगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज: 16 नवंबर से शुरू होगा EVM-VVPAT जागरूकता अभियान

केंद्र सरकार ने हाल ही में सातवें वेतन आयोग के तहत अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया था। इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राज्य के कर्मचारियों को केंद्र के समान ही महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को अपनी हरी झंडी दी है।

इस महत्वपूर्ण फैसले का लाभ नियमित सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों और यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत सभी पात्र कर्मचारियों को मिलेगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड हाई कोर्ट शिफ्टिंग: सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से की मुलाकात, लामाचौड़ वन भूमि हस्तांतरण पर चर्चा

मुख्यमंत्री की स्वीकृति के अनुसार, पात्र कार्मिकों को 1 जुलाई, 2026 से 31 अक्टूबर, 2026 तक की चार महीने की अवधि के बढ़े हुए महंगाई भत्ते का एरियर नकद दिया जाएगा। इस फैसले के बाद प्रदेश के लाखों कर्मचारियों के वेतन में सीधी बढ़ोतरी होगी और बकाया राशि का भुगतान भी उनके खातों में किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय से राज्य भर के सरकारी सेवकों और शिक्षकों में खुशी की लहर है। शासन स्तर पर इस आदेश को जल्द से जल्द लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।