उत्तराखंड में बिजली पारेषण तंत्र होगा मजबूत, पिटकुल ने ₹1061.91 करोड़ की टैरिफ याचिका को दी मंजूरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड ने 1061.91 करोड़ रुपये की टैरिफ याचिका को मंजूरी दे दी है, जिसे जल्द ही उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के समक्ष भेजा जाएगा। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं पिटकुल के अध्यक्ष डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम की अध्यक्षता में हुई निदेशक मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसका सीधा संबंध राज्य की बढ़ती बिजली मांग, पारेषण तंत्र के आधुनिकीकरण और प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी व्यवस्था से है।

निदेशक मंडल की बैठक में वित्तीय वर्ष 2027-28 की टैरिफ याचिका के साथ वर्ष 2025-26 के ट्रू-अप और वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य निष्पादन समीक्षा को उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के समक्ष पेश करने की स्वीकृति दी गई। इस पहल का उद्देश्य राज्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकता को पूरा करने के लिए पारेषण तंत्र को आधुनिक स्वरूप देना है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: मार्च 2027 तक पूरा होगा जमरानी कॉफर डैम का काम, मुख्य सचिव ने PERT चार्ट बनाने को कहा

बैठक में पिटकुल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने निगम की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों का पूरा ब्योरा रखा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में आयोग द्वारा 92.99 करोड़ रुपये के कैपिटलाइजेशन की मंजूरी के मुकाबले निगम ने रिकॉर्ड 351.53 करोड़ रुपये के पारेषण कार्य पूरे किए हैं।

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रगति साझा करते हुए पीसी ध्यानी ने बताया कि सितंबर तक 484 करोड़ रुपये के काम पूरे हो चुके हैं और मार्च 2027 तक 886.29 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्य पूरे करने का लक्ष्य है। इस तरह कुल कैपिटलाइजेशन लगभग 1,370 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 27 और 28 नवंबर को पाला और कोहरा बढ़ाएगा ठिठुरन, जानें कब तक रहेगा शुष्क मौसम

बिजली उपभोक्ताओं की जेब पर कम से कम आर्थिक बोझ पड़े, इसके लिए पिटकुल एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से परियोजनाएं संचालित कर रहा है। इन परियोजनाओं में 52 प्रतिशत अनुदान, 28 प्रतिशत ऋण और केवल 20 प्रतिशत इक्विटी शामिल है। निगम ने भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 में 777 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की योजना भी तैयार की है। इसके माध्यम से प्रदेश में पारेषण ढांचे का विस्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  धामी सरकार का फैसला: 'निराश्रित महिला भरण-पोषण योजना' का बदला नाम, अब 'मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान योजना' से मिलेगी पहचान

नई टैरिफ याचिका में पिटकुल ने वर्ष 2025-26 के ट्रू-अप के तहत 639.94 करोड़ रुपये और वर्ष 2027-28 के लिए 1,061.91 करोड़ रुपये की कुल राजस्व आवश्यकता के अनुमोदन का प्रस्ताव रखा है। यह प्रस्ताव अब अंतिम निर्णय के लिए उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के पास भेजा जाएगा।

बैठक में प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि निगम का लक्ष्य प्रदेश में एक ऐसा मजबूत और विश्वसनीय नेटवर्क तैयार करना है, जो भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को बखूबी पूरा कर सके। निदेशक मंडल की इस मंजूरी के बाद अब आयोग के समक्ष याचिका दाखिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।