उत्तराखंड में बढ़ा सूखी ठंड का असर: मसूरी में 11 डिग्री लुढ़का पारा, मैदानी जिलों में कोहरे का अलर्ट

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही मैदान से लेकर पहाड़ी इलाकों तक कोहरे की दस्तक से सूखी ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून से जारी पूर्वानुमान में पर्वतीय जिलों सहित हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा छाने की संभावना जताई है। इस बदलाव का सीधा असर सुबह व रात की ठंड झेल रहे आम लोगों और पर्यटन नगरी मसूरी के निवासियों पर पड़ा है, जहां अधिकतम तापमान 11 डिग्री तक लुढ़क गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पर्वतीय जनपदों के साथ-साथ मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा छाने के आसार हैं। कोहरे के प्रभाव के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा सकता है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में 29 नवंबर से दो दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस अवधि में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मौसम शुष्क रहने और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सूखी ठंड का प्रभाव बना रहेगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के सरकारी कामकाज में बढ़ेगा AI का इस्तेमाल: मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने से सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। पर्वतीय इलाकों में भी ठंड का असर देखने को मिल सकता है, इसलिए सुबह और देर रात के समय लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: चुनाव ड्यूटी पर लगेंगे 22 हजार कर्मचारी, छूट मांगने वालों की होगी मेडिकल जांच

पहाड़ों की रानी मसूरी में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में घने बादल छाए रहने और लगातार चल रही सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं के कारण पर्यटन नगरी मसूरी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है और लोगों को दिन में भी कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के साथ अब दिन के समय भी शहर में ठिठुरन महसूस होने लगी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के 5 जिलों के विकास को मिली रफ्तार, CM धामी ने सड़क, पार्किंग और पुलिस ढांचे के लिए मंजूर किए ₹56 करोड़

ठंड बढ़ने के कारण मसूरी के लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर लोग दिन में ही अलाव जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। आसमान में घने बादल छाए रहने से धूप नहीं निकल पा रही है, जिससे लगातार चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम को और सर्द बना दिया है। शहर में घना कोहरा छाने और सर्द हवा चलने के बाद अधिकतम तापमान 11 डिग्री तक लुढ़क गया है।